स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 16 अगस्त 2026। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।
अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
16 अगस्त 2026 को विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों से प्राप्त शिकायतों में कुल 44 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार मौके पर शिकायत के समाधान के दौरान दोनों पक्षों से फीडबैक लिया जा रहा है और शिकायतकर्ता को समाधान के संबंध में संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
शाहजहाँपुर पुलिस का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर बेहतर, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।
