स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवक के राज्य स्तरीय सम्मेलन का शाहजहाँपुर कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में लाइव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर विधायक ददरौल श्री अरविंद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री उत्कर्ष द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए पीआरडी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
लाइव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही पीआरडी स्वयंसेवकों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा जनपद लखनऊ में पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए मल्टी बैरक के निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर विभागीय अधिकारियों एवं पीआरडी स्वयंसेवकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्णय की सराहना की। स्वयंसेवकों को पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ददरौल श्री अरविंद सिंह ने सभी पीआरडी स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
