ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के पीआरडी जवानों के कल्याण एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मंगलवार को योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल, गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवान सम्मेलन का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी 75 जनपदों में किया गया।
इसी क्रम में बलरामपुर के विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी सहित विभिन्न विकासखंडों से आए बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं घोषणाओं का सजीव प्रसारण देखा और सुना।
मानदेय में ₹100 प्रतिदिन की बढ़ोतरी
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। पीआरडी जवानों के वर्तमान मानदेय में ₹100 प्रतिदिन की वृद्धि की घोषणा की गई है। इसके बाद उनका मानदेय ₹500 से बढ़कर ₹600 प्रतिदिन हो जाएगा।
इसके साथ ही पीआरडी जवानों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई। इससे जवानों के साथ उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में राहत मिलने की उम्मीद है।
घोषणाओं पर कार्यक्रम में मौजूद पीआरडी जवानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।
विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पीआरडी जवान प्रशासन एवं पुलिस के सहयोगी के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं। मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का निर्णय जवानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, बलरामपुर की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विभिन्न विकासखंडों से आए पीआरडी जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शक्ति मिश्र, मनोज कुमार सरोज, वरिष्ठ सहायक सैय्यद इमाम हुसैन रिजवी सहित पीआरडी जवान ठाकुर प्रसाद पाण्डेय, राज कुमार गुप्ता, रवि शंकर पाण्डेय, अरुण कुमार तिवारी, जितेन्द्र कुमार, ओम प्रकाश यादव, शफिक एम. तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
