ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। आगामी त्योहार श्रावण मास शिवरात्रि, बारावफात, नाग पंचमी, रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 18 अगस्त 2026 को थाना सादुल्लानगर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों से संवाद किया। उन्होंने सभी से आगामी त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। वहीं डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि में ही डीजे बजाने के निर्देश दिए गए।
धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं नियमों का पालन करने तथा एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त एवं निगरानी की जाएगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और सभी आगामी त्योहारों को प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की बात कही।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
