ब्यूरो रिपोर्ट राम चंद्र उन्नाव ✍️
🚨 उन्नाव ब्रेकिंग | ‘स्टूडेंट प्रोटेस्ट’ से मचा हड़कंप
उन्नाव/हसनगंज। जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के सैकड़ों छात्र बुधवार सुबह विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर उतर आए। हाथों में तख्तियां लेकर छात्र करीब सुबह 6 बजे मोहान चौराहा पहुंचे और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों के प्रदर्शन के कारण मोहान चौराहा जाम हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। छात्रों का कहना था कि विद्यालय के भीतर उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा था, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरकर अपनी आवाज अधिकारियों तक पहुंचानी पड़ी।
खाने से लेकर पढ़ाई और साफ-सफाई तक उठाए सवाल
प्रदर्शनकारी छात्रों ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। छात्रों ने शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होने का भी आरोप लगाया।
कुछ छात्रों ने भावुक होकर आरोप लगाया कि उनसे शौचालय साफ कराया जाता है। वहीं रात में कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर कमरे में सिगरेट पीने से धुआं फैलने की शिकायत भी छात्रों ने की।
छात्रों ने विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई और उनके साथ व्यवहार उचित नहीं होने का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन
सैकड़ों छात्रों के सड़क पर बैठने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी, कोतवाल शरद कुमार, सीओ तेज बहादुर सिंह, अजगैन, सोहरामऊ एवं पुरवा पुलिस के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाने का प्रयास किया। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर विद्यालय की कथित अनियमितताओं में सुधार नहीं हुआ, तो वे दोबारा विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
विद्यालय पहुंचकर अधिकारियों ने छात्रों से की बातचीत
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद छात्र विद्यालय वापस पहुंचे। इसके बाद सीडीओ कृतिराज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
बताया गया कि जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश तथा सीडीओ कृतिराज ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों से संवाद किया। अधिकारियों ने बच्चों के साथ नाश्ता किया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना धरना सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कर दिया।

