स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 12 अगस्त। थाना जैतीपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 500 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम के अलावा VIVO कंपनी का मोबाइल फोन और 120 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष जैतीपुर के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस को देखकर पीछे मुड़ने लगा आरोपी
12 अगस्त 2026 को जैतीपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बनखण्डी पुलिया की ओर से ग्राम नवादा की तरफ एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह सकपका गया और पीछे मुड़कर बनखण्डी पुलिया की ओर जाने लगा।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे बनखण्डी पुलिया से करीब 50 कदम पहले ग्राम नवादा की ओर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराते हुए नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके काले लोअर की बायीं जेब से पारदर्शी पन्नी में 500 ग्राम अफीम बरामद हुई।
दाहिनी जेब से VIVO मोबाइल फोन और 120 रुपये नकद बरामद किए गए।
ट्रक चालकों को अफीम बेचने का पुलिस के सामने बताया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरिओम पुत्र रामस्वरूप, निवासी ग्राम खल्लपुर, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली, उम्र करीब 26 वर्ष बताया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह झारखंड से आने-जाने वाले ट्रकों से अफीम खरीदकर अन्य ट्रक चालकों एवं जरूरतमंद लोगों को महंगे दामों में बेचता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद अफीम को भी बेचने की फिराक में घूम रहा था।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी को 12 अगस्त को सुबह 11:45 बजे हिरासत में लिया। बरामदगी के आधार पर थाना जैतीपुर में मु0अ0सं0 102/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
बरामदगी
- 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (अफीम)
- 01 VIVO मोबाइल फोन
- 120 रुपये नकद
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष रामेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक इतेश तोमर, हेड कांस्टेबल अजय राना एवं कांस्टेबल नवीन कुमार शामिल रहे।
