हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत विश्वविद्यालय परिवार ने दिया राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ यात्रा में सहभागिता की।
कुलानुशासक डॉ. आलोक कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन गेट नंबर-01 से हुआ। तिरंगा हाथों में थामे विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य देशभक्ति के नारों और उत्साह के साथ पैदल गेट नंबर-04 तक पहुंचे।
इस दौरान पूरा विश्वविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा सम्मान और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करता है : कुलपति
यात्रा का शुभारंभ करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदानों और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का संदेश देती है।
NCC और NSS स्वयंसेवकों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम में कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य, वित्त अधिकारी श्रीमती अर्चना त्रिपाठी, प्रो. आदित्य कुमार सिंह, सूबेदार जटबिन्दर सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, डॉ. बरखा सक्सेना, सौरभ मिश्रा, डॉ. राम औतार सिंह एवं रोहित कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
