रक्षाबंधन पर सड़क सुरक्षा का संदेश, रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग ने 50 वाहन चालकों को बांटे हेल्मेट

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को लेकर शाहजहाँपुर के खिरनीबाग चौराहे पर हेल्मेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग शाहजहाँपुर के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में यातायात पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात रनवीर सिंह एवं टीएसआई मौजूद रहे। इस दौरान बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 50 वाहन चालकों को हेल्मेट वितरित किए गए।

वाहन चालकों को हेल्मेट पहनने के साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात रनवीर सिंह ने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेल्मेट पहनें और अपनी सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शाहजहाँपुर के आदेशानुसार 29 अगस्त 2026 से वृहद हेल्मेट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेल्मेट पहनकर ही वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

रक्षाबंधन पर दिया सुरक्षा का संदेश

रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग शाहजहाँपुर की संस्थापिका श्रीमती नमिता सिंह ने कहा कि जिस प्रकार रक्षाबंधन पर भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार हेल्मेट धारण कर स्वयं की सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।

वहीं प्रेसिडेंट श्रीमती स्तुति गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित हेल्मेट वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से हेल्मेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Previous Post Next Post