संभव अभियान-6.0 में लापरवाही पर डीएम सख्त, कम प्रगति वाले चार परियोजना अधिकारियों को चेतावनी के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 10 अगस्त। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं, संभव अभियान-6.0 एवं पोषण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

संभव अभियान-6.0 के अंतर्गत जुलाई 2026 में विभिन्न सूचकांकों पर अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बाल विकास परियोजना भावलखेड़ा, निगोही, सिंधौली एवं जैतीपुर में कम प्रगति पर संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं/सुपरवाइजर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि संभव अभियान-6.0 के सभी निर्धारित बिंदुओं पर शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों से पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त तक प्रगति में अपेक्षित सुधार दिखाई देना चाहिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर वीएचएसएनडी सत्रों का निर्धारित समय पर आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सभी सुपरवाइजरों को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के ऊपर अथवा आसपास से गुजरने वाली हाईटेंशन विद्युत लाइनों की सूचना संकलित कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।

पोषण ट्रैकर पर शत-प्रतिशत सत्यापन के निर्देश

बैठक में पोषण ट्रैकर की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे सभी लाभार्थी, जिनके स्वयं के आधार कार्ड बन चुके हैं, उनका केंद्रवार विवरण संकलित कर अपार आईडी बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

साथ ही पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों का मोबाइल सत्यापन एक दिवस के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को प्रतिदिन शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित कराने तथा पोषण ट्रैकर पर आवश्यक विवरण का शत-प्रतिशत अंकन कराने के निर्देश दिए।

बिना फेस ऑथेंटिकेशन के पुष्टाहार वितरण पर रोक

जिलाधिकारी ने एफआरएस के माध्यम से अनुपूरक पुष्टाहार वितरण की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा जुलाई 2026 में टीएचआर वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना चेहरा प्रमाणीकरण के अनुपूरक पुष्टाहार का वितरण किसी भी स्थिति में नहीं किया जाए।

आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराते हुए हैंडओवर की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर कराए जा रहे पोषण वाटिका के कार्यों का मुख्य सेविकाओं द्वारा स्थलीय भ्रमण कर सत्यापन सुनिश्चित कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post