जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
लखनऊ। नगराम थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 78.330 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की ईको स्पोर्ट कार, दो आईफोन और 12,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को नगराम पुलिस नगराम-गंगागंज मार्ग स्थित हुसैनाबाद तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की चार पहिया गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार दो लोगों की पहचान प्रिंस जायसवाल (25), निवासी समेसी और अभिजीत पटेल उर्फ सेना (26), निवासी भाटन टोला, नगराम के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी के दौरान छह बोरियों में 78.330 किलो गांजा बरामद हुआ।
बहराइच से गांजा लाकर कई जिलों में सप्लाई का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक गैंग है, जो बहराइच से गांजा लाकर लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी और आसपास के जिलों में सप्लाई करता है। तस्करी से होने वाले मुनाफे को गैंग के सदस्य आपस में बांटते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंस ने बताया कि उसने ईको स्पोर्ट कार गांजा तस्करी के लिए ही खरीदी थी।
दो आईफोन और नकदी भी बरामद
पुलिस ने बताया कि बरामद दोनों आईफोन की अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये है। मामले में नगराम थाने में मु0अ0सं0-122/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पाठक, ऋषभ पाण्डेय, संदीप कुमार, राकेश कुमार मिश्रा तथा कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय, सुरजीत वर्मा और पवन कुमार यादव शामिल रहे।
