स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की।
जिलाधिकारी शाहजहांपुर के निर्देश एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त के आदेश के क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सचल दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
खाद्य सचल दलों ने गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर कुल 7 नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
- कनक इंटरप्राइजेज (टेम्पटेशन बेकरी), बरेली मोड़ से बनाना फ्लेवर केक मिक्स का नमूना।
- बाबा बेकरी, चिनौर से इलायची मिल्क रस्क का नमूना।
- ए.के.पी.के. फूड प्रोडक्ट, नवादा इंदेपुर से मिल्क रस्क का नमूना।
- क्रीमी फूड मधुसूदन डेयरी संग्रहण केंद्र, कटरा तिलहर से मिश्रित दूध के 2 नमूने।
- गोल्डी स्वीट्स, बड़ागांव पुवायां से बेसन लड्डू का नमूना।
विभाग के अनुसार सभी नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बेकरी संचालकों को साफ-सफाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बाबा बेकरी एवं ए.के.पी.के. फूड प्रोडक्ट पर मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने पर सुधार नोटिस दिए जाने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सभी बेकरी इकाइयों को खाद्य पदार्थों में रंगों का प्रयोग सीमित मात्रा में करने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार एवं डॉ. विवेक कुमार वर्मा शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
