स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जिला कारागार शाहजहाँपुर में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं गौरव की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा मार्च का आयोजन किया गया।
जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा मार्च में कारागार के अधिकारी, कर्मचारी एवं बंदियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ मार्च किया और राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
देशभक्ति के नारों से गूंजा कारागार परिसर
तिरंगा मार्च के दौरान लगाए गए देशभक्ति के नारों से पूरा कारागार परिसर राष्ट्रभावना से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना देखने को मिली।
जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
तिरंगा मार्च के माध्यम से जिला कारागार परिसर में ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ की भावना को जीवंत किया गया और स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और अधिक गौरवपूर्ण बनाया गया।
