राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शहीद उद्यान पार्क तक गूंजे देशभक्ति के नारे, हाथों में लहराया तिरंगा
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शुरू हुई रैली कचहरी चौराहा, सदर बाजार और टाउन हॉल होते हुए शहीद उद्यान पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
गुब्बारे उड़ाकर डीएम ने किया रैली का शुभारंभ
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा रैली का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय गीत के साथ शुरू हुई रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
बैंड-बाजे एवं ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच पूरा रैली मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
09 से 17 अगस्त तक मनाया जा रहा अभियान
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 को 09 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे गौरव एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि जनपद मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने भी हाथों में थामा तिरंगा
तिरंगा रैली में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सहभागिता की।
अधिकारियों ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
डिजिटल सेलिब्रेशन में भी भाग लेने की अपील
जिलाधिकारी ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान के डिजिटल सेलिब्रेशन में भी सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर तथा वंदे मातरम् का गायन कर उसे हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर अपलोड करें।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से निकली तिरंगा यात्रा शहर में आकर्षण का केंद्र बनी रही। लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।
