हत्या के आरोपी ने आलाकत्ल बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर किया हमला, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। थाना कांट क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने के बाद हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को चन्द्रपाल पुत्र रामकिशन निवासी मोहल्ला प्रहलादपुर कमलनैनपुर, थाना कांट ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि समीर पुत्र लियाकत अली निवासी मोहल्ला गढ़ी पूर्वी, थाना कांट तथा उसके तीन अन्य साथियों ने उसके पुत्र गौतम पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए ले जाने पर चिकित्सकों ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में थाना कांट पर मु0अ0सं0 367/2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया गया।


शनिवार तड़के पुलिस टीम आरोपी समीर को घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल की बरामदगी के लिए उसके बताए स्थान पर ग्राम दिलावरपुर के जंगल में लेकर गई। पुलिस के अनुसार बरामदगी के दौरान आरोपी ने झाड़ियों से चाकू निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और भागने का प्रयास किया। हमले में एक आरक्षी के बाएं हाथ में चोट आई।

पुलिस ने बताया कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान चली गोली आरोपी समीर के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी और घायल आरक्षी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Previous Post Next Post