ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सीतापुर। विकास खंड सकरन में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा सभी बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराकर नियमित रूप से स्कूल भेजें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्र तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और अभिभावकों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की आधारशिला है, इसलिए स्कूल चलो अभियान को जन-जन का अभियान बनाना आवश्यक है।
खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र नाथ ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।
रैली के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा संबंधी जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराने और नियमित शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र पटेल, कृष्ण कांत, सारदा प्रसाद, सौरभ शुक्ला, मधुकर वर्मा, प्रवीण कुमार, वीरेंद्र वर्मा, अस्मिता यादव, चंद्र किरण, भानु वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments