अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की पहल का रेड क्रॉस ने किया स्वागत

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की पहल को बताया पारदर्शिता, नारी सम्मान और सुरक्षित मातृत्व की दिशा में बड़ा कदम

शाहजहाँपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर के कार्यालय में सचिव डॉ. विजय जौहरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद के जिलाधिकारी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर पंजीकृत चिकित्सकों की बायोमेट्रिक (अंगूठे के निशान) आधारित उपस्थिति व्यवस्था लागू किए जाने की पहल का सर्वसम्मति से स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि अल्ट्रासाउंड मशीनों का संचालन केवल अधिकृत एवं पंजीकृत चिकित्सकों द्वारा ही किया जाए। इससे चिकित्सा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी, आमजन विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास मजबूत होगा तथा अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल कन्या भ्रूण हत्या, असुरक्षित गर्भपात तथा उनसे जुड़ी मातृ मृत्यु की घटनाओं में कमी लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा, नारी सम्मान और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने वाली दूरदर्शी एवं मानवीय पहल है।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनहित और महिला सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाला यह मॉडल प्रदेश के अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस जनहितकारी पहल की जानकारी इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके अंतर्गत महामहिम राष्ट्रपति (राष्ट्रीय अध्यक्ष), केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री (राष्ट्रीय सभापति), महामहिम राज्यपाल (प्रदेश अध्यक्ष) तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश सभापति ब्रजेश पाठक को भी इस अभिनव व्यवस्था से अवगत कराया जाएगा, ताकि इसे व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जा सके।

बैठक में उपस्थित चिकित्सकों ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे नवाचार स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, महिला सम्मान एवं सुरक्षित मातृत्व को सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों का चिकित्सा व्यवस्था पर विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक में डॉ. एस.पी. कौशल, डॉ. हेमेंद्र वर्मा, डॉ. आर.पी. सक्सेना, डॉ. अभिनव श्रीवास्तव, डॉ. सुमन अग्रवाल, डॉ. पल्लवी सक्सेना, डॉ. रजत सक्सेना, डॉ. अभिनव सक्सेना, डॉ. अतुल जोहरी, डॉ. रवि सक्सेना, डॉ. राजीव वर्मा, डॉ. मुजीब, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने सहभागिता की।

Previous Post Next Post