संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 58 में से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश

शाहजहांपुर, 01 अगस्त 2026। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील कलान में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण गंभीरता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने वाला हो। उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तत्परता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सचिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, परियोजना निदेशक अवधेशराम, उपजिलाधिकारी कलान आशुतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post