ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील बलरामपुर सदर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। प्राप्त प्रत्येक शिकायत को अधिकारी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लें। शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में जहां स्थलीय निरीक्षण आवश्यक हो, वहां दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रखा जाए। साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होता है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, पंचायती राज, विद्युत, कृषि, पूर्ति, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर संबंधित जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
