ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में SSB एवं जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान एवं पैदल गश्त की गई।
संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए पैदल गश्त की। इस दौरान नेपाल से सटे सीमावर्ती गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई तथा सीमा क्षेत्र में होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस एवं SSB की टीम द्वारा सीमा से सटे गांवों में ग्राम सुरक्षा समितियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, गौ तस्करी, अवैध कटान एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया।
ग्रामीणों से अपील की गई कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे असामाजिक तत्वों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस एवं SSB द्वारा लगातार निगरानी, चेकिंग एवं पैदल गश्त की जा रही है।
