ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे गर्मी और बरसात जैसी विषम परिस्थितियों में अपने श्रम, हुनर एवं पारंपरिक व्यवसाय के माध्यम से आजीविका अर्जित कर रहे मोची समाज के श्रमिक बंधुओं के सम्मान एवं सुविधाओं को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद ने महत्वपूर्ण पहल की है।
नगर के विभिन्न स्थानों पर कार्य कर रहे करीब 30 श्रमिक बंधुओं को चिन्हित कर नगर पालिका सभागार में आमंत्रित किया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने सभी श्रमिक बंधुओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना।
बैठक में निर्णय लिया गया कि चिन्हित श्रमिक बंधुओं को शीघ्र ही आधुनिक एवं सुविधायुक्त दुकानें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। दुकानों में बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ पंखा, विद्युत प्रकाश एवं आवश्यक आधुनिक किट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की बात कही गई।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मेहनतकश श्रमिकों को खुले आसमान के नीचे गर्मी, बरसात एवं अन्य विषम परिस्थितियों में काम करने की मजबूरी से राहत दिलाना है, ताकि वे सम्मानजनक वातावरण में अपने पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए आत्मनिर्भरता के साथ परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
रविदास मंदिर से दीपवा बाग तक सड़क निर्माण का निर्णय
बैठक के दौरान संत शिरोमणि श्री रविदास जी के मंदिर से दीपवा बाग जाने वाली सड़क के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जनहित की इस सड़क का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने तथा दीपावली से पूर्व कार्य पूर्ण कराने का हरसंभव प्रयास किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
सड़क निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
बैठक में यह भी कहा गया कि जिन पात्र परिवारों को अभी तक प्रधानमंत्री आवास, पेंशन अथवा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। पात्रता के अनुरूप ऐसे परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ला, गौरव मिश्र, विद्या सागर गौतम, राम सागर, बजरंगी कुमार, संतु जी सहित अन्य सम्मानित नागरिक एवं श्रमिक समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में श्रमिक बंधुओं के सम्मान, उनकी समस्याओं के समाधान तथा उन्हें बेहतर एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ की इस पहल को श्रम, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
