राष्ट्रीय खेल दिवस पर हाकी प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

मेजर ध्यानचंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं युवा : जिलाधिकारी

बलरामपुर। हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलरामपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर तथा मेजर ध्यानचंद एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के भारतीय खेल जगत में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए खिलाड़ियों से उनके समर्पण, अनुशासन और खेल भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित अंडर-14 बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में जनपद की 9 टीमों एवं विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका वर्ग की ताइक्वांडो एवं जूडो प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने हॉकी प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शपथ दिलाई और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में एमपीपी इंटर कॉलेज, बलरामपुर ने सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, बलरामपुर को 3-0 से पराजित किया। वहीं ताइक्वांडो एवं जूडो प्रतियोगिताओं में विभिन्न भार वर्गों में बालक-बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार सहित खेल प्रशिक्षक, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खिलाड़ी एवं स्टेडियम स्टाफ मौजूद रहे।

Previous Post Next Post