स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर 13 अगस्त को जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में उनके विश्राम कक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-04/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत शिव कुमार तृतीय तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अपेक्षा सिंह की उपस्थिति रही।
बैठक में राजस्व विभाग के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) आवेश खान, अपर पुलिस अधीक्षक नगर की ओर से क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा, नगर निगम कर निर्धारण अधिकारी विपिन कुलदीप, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. करन सिंह तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हरिओम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक वाद नियत कर उनका प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित वादों की अपेक्षा आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक वादों का निस्तारण कर आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।