जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
महिला की चीख सुनकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने किया पीछा, बदमाश ने ईंट से किया हमला
लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूटकर भाग रहे बदमाश को ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी नवीन चौधरी ने अदम्य साहस दिखाते हुए पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, चंद्राढाल, सीतापुर रोड पर एक महिला अपने बच्चों के साथ गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने महिला को थप्पड़ मारकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से भागने लगा।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी नवीन चौधरी ने बदमाश का पीछा किया। भागते समय बदमाश ने पुलिसकर्मी के मुंह पर ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बावजूद नवीन चौधरी ने हिम्मत नहीं छोड़ी और बदमाश को पकड़े रखा।
मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से 23 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार मौर्या को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला के मंगलसूत्र की टूटी हुई माला बरामद हुई।
❤️ पुलिसकर्मी को महिला ने बांधी राखी
घटना के बाद पुलिसकर्मी के साहस से भावुक हुई महिला ने नवीन चौधरी को राखी बांधकर उनका आभार जताया। घायल पुलिसकर्मी का चिकित्सीय उपचार कराया जा रहा है।
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानन्द मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
