स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समाजसेवी संस्था सहयोग के पदाधिकारियों ने ऐतिहासिक एबी रिच इंटर कॉलेज (मिशन स्कूल) पहुंचकर देश के महान क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के साथ ही कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारी उस ऐतिहासिक कमरे में भी पहुंचे, जहां स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में क्रांतिकारियों द्वारा अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजाद कराने की रणनीतियां बनाए जाने की बात कही जाती है। इस दौरान क्रांतिकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान पर चर्चा की गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि आजादी के लिए महान क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। देश की एकता, अखंडता और विकास में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान एवं शाहनवाज खान एडवोकेट ने कहा कि मिशन स्कूल से जुड़ी स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं अध्यक्ष स्तुति गुप्ता एवं महासचिव सरदार हरजीत सिंह ने ऐतिहासिक परिसर के बेहतर रखरखाव और संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
5100 पौधे लगाने का लक्ष्य
संस्था के पौधारोपण प्रभारी डॉ. पुनीत मनीषी एवं संगीता गुप्ता ने बताया कि सहयोग संस्था ने इस वर्ष 5100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे जल्द पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए संस्था लगातार अभियान चला रही है।
इस मौके पर जिला प्रभारी विकास सक्सेना के साथ शालू यादव, नुजहत अंजुम, ममता यादव, सुमन गुप्ता, अमरदीप खालसा, शिवम वर्मा, मो. नाजिम, अनवर भाई, मनजीत, सवाब सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करने के साथ ही ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।
