ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में ‘ब्लडमैन’ के नाम से पहचान बना चुके बलरामपुर के आलोक अग्रवाल को राष्ट्रीय स्तर के एक और महत्वपूर्ण आयोजन में जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी 11 से 13 सितंबर 2026 तक अयोध्या में आयोजित होने वाले चतुर्थ राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान समारोह में उन्हें आयोजन समिति के संरक्षक मंडल में शामिल करने के साथ उत्तर प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
खास बात यह है कि आलोक अग्रवाल को राष्ट्रीय आयोजन में लगातार तीसरी बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इसे उनके रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान और सक्रियता का सम्मान माना जा रहा है।
आलोक अग्रवाल के अनुसार, राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जनपदों से प्राप्त आवेदनों में से अब तक 100 से अधिक रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों का चयन किया गया है। वहीं देश के 20 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 150 से अधिक रक्तवीरों एवं समाजसेवियों का चयन कार्यक्रम के लिए किया गया है।
उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य स्वैच्छिक एवं नियमित रक्तदान को बढ़ावा देना, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सामाजिक सहभागिता बढ़ाना तथा रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
बलरामपुर की भी रहेगी विशेष भागीदारी
राष्ट्रीय आयोजन में बलरामपुर जनपद की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। जनपद के रक्तदानी वैभव त्रिपाठी को देवीपाटन मंडल संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अविनाश कुमार पांडेय एवं रवि कुमार गुप्ता का भी आयोजन समिति द्वारा चयन किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले चयनित रक्तवीर स्वयं रक्तदान कर महाअभियान में सहभागिता करेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बलरामपुर के ब्लड बैंक की टीम भी अयोध्या पहुंचेगी। टीम डॉ. आकांक्षा शुक्ला एवं काउंसलर हिमांशु तिवारी के मार्गदर्शन में रक्त संग्रह की जिम्मेदारी निभाएगी।
सभी चयनित रक्तदाताओं एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष आकाश गुप्ता का आभार व्यक्त किया।
आलोक अग्रवाल को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय आयोजन में जिम्मेदारी मिलने तथा वैभव त्रिपाठी, अविनाश कुमार पांडेय और रवि कुमार गुप्ता के चयन पर जनपद के अधिकारियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
“रक्तदान—महादान” के संदेश के साथ अयोध्या में आयोजित होने वाला यह महोत्सव मानव सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
