डीएम ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया निरीक्षण, साइट डेवलपमेंट एवं ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण कर स्टेडियम परिसर एवं बाहरी क्षेत्र में प्रस्तावित साइट डेवलपमेंट और ग्रीन कॉरिडोर विकसित किए जाने की कार्ययोजना का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्पोर्ट्स स्टेडियम को खिलाड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी सुविधाजनक एवं आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने स्टेडियम के बाहर व्यवस्थित साइट डेवलपमेंट कर हरित क्षेत्र विकसित करने, सौंदर्यीकरण कराने तथा मॉर्निंग वॉक के लिए बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मल्टीपरपज हॉल को किया जाएगा सुदृढ़

जिलाधिकारी ने स्टेडियम में उपलब्ध विभिन्न खेल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मल्टीपरपज हॉल के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक सुधार कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हॉल को इस प्रकार विकसित किया जाए कि वहां विभिन्न इनडोर खेल गतिविधियों के आयोजन और खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मिनी स्विमिंग पूल निर्माण की योजना पर चर्चा

निरीक्षण के दौरान स्पोर्ट्स स्टेडियम में मिनी स्विमिंग पूल के निर्माण की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। इसके निर्माण से जनपद के खिलाड़ियों एवं युवाओं को स्थानीय स्तर पर तैराकी के प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित सभी विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं उपयोगिता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्टेडियम में ऐसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर माहौल मिले। साथ ही सुबह मॉर्निंग वॉक एवं व्यायाम के लिए आने वाले नागरिकों को भी स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो।

फिटनेस और स्वास्थ्य गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा स्टेडियम

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ-साथ फिटनेस एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post