सीएमओ ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद बलरामपुर में अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सिटी मांटेसरी स्कूल में बच्चों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं शारीरिक विकास के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य खिलाएं।

उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने, साफ-सफाई रखने तथा खुले में शौच से बचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ आदतों को अपनाकर बच्चों को कई तरह के संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सकता है।

बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को खिलाई जा रही दवा

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जनपद में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति में सुधार लाना है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालयों एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जा रही है। विभागीय अधिकारियों द्वारा अभियान की लगातार निगरानी भी की जा रही है।

14 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस

जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को कृमिनाशक दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें निर्धारित मॉप-अप दिवस 14 अगस्त को दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अभियान के तहत कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी एवं अध्यक्ष नगरपालिका परिषद के प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैंस, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post