स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, शाहजहाँपुर में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की मौजूदगी में भारत विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले लोगों एवं विभाजन की त्रासदी से प्रभावित परिवारों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
![]() |
| विज्ञापन |
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने भी मौन रखकर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले नागरिकों तथा विस्थापित परिवारों के प्रति श्रद्धा एवं संवेदना व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द, भाईचारे और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश देती है। सभी नागरिकों को मतभेदों एवं सामाजिक विभाजन से ऊपर उठकर शांति, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और कठिन परिस्थितियों की स्मृति को समर्पित है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

