विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन में मौन रखकर शहीदों एवं पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में भारत विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले लोगों एवं विभाजन की त्रासदी से प्रभावित परिवारों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ रिजर्व पुलिस लाइन में उपस्थित प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने भी मौन रखकर वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले नागरिकों एवं विस्थापित परिवारों के प्रति श्रद्धा और संवेदना व्यक्त की।

विज्ञापन

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष एवं कठिन परिस्थितियों की स्मृति को समर्पित है। इसका उद्देश्य पीड़ितों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करते हुए समाज में भाईचारा, एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना है।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं मानवता के महत्व का संदेश देती है। सभी को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर शांति, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

Previous Post Next Post