ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
नगद, मिठाई एवं साड़ी भेंट कर महिला कर्मचारियों के प्रति जताया सम्मान और स्नेह
बलरामपुर। आदर्श नगरपालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने रक्षाबंधन का पावन पर्व नगरपालिका की महिला कर्मचारियों के साथ आत्मीयता एवं भाई-बहन के स्नेह के रूप में मनाया। पहली बार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों ने पालिका अध्यक्ष की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने सभी महिला कर्मचारियों को नगद राशि, मिठाई एवं साड़ी उपहार स्वरूप भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया।
डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान, सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। नगरपालिका परिवार के प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर रही हैं। उनके सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए इस तरह के आयोजन आपसी संबंधों को और मजबूत करते हैं।
महिला कर्मचारियों ने भी पालिका अध्यक्ष द्वारा उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने एवं उपहार भेंट करने पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका परिसर का वातावरण भाई-बहन के स्नेह, सम्मान एवं अपनत्व से सराबोर रहा।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस, अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य, नगरपालिका के अधिकारी, सभासदगण, कर्मचारी एवं महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने नगरपालिका परिवार में आपसी सौहार्द एवं सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
