ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 35 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में कुल 1,705 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें 696 पुरुष, 695 महिलाएं और 314 बच्चे शामिल रहे।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही जांच, उपचार, दवा एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेलों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसई का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि केंद्र पर आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले सरकार की मंशा के अनुरूप लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान विभागीय अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
