स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर जनपद शाहजहाँपुर के विभिन्न थानों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में भारत विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले लोगों एवं विभाजन की त्रासदी से प्रभावित परिवारों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान संबंधित थाना प्रभारियों के साथ थानों पर मौजूद अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने भी मौन रखकर वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले नागरिकों एवं विस्थापित परिवारों के प्रति श्रद्धा और संवेदना व्यक्त की।
![]() |
| विज्ञापन |
एकता और भाईचारे का दिया संदेश
पुलिस विभाग के अनुसार, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष एवं कठिन परिस्थितियों की स्मृति को समर्पित है।
इस अवसर पर थाना प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं मानवता के महत्व का संदेश देती है। सभी को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर शांति, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

