ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अड़ार पाकड़ का निरीक्षण कर पठन-पाठन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मिड-डे मील सहित विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका देखी। विद्यालय में कुल 112 बच्चे नामांकित हैं, जिसके सापेक्ष 74 बच्चे उपस्थित मिले। डीएम ने नामांकन के अनुपात में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से लगातार संवाद कर बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित मेन्यू एवं मानकों के अनुरूप बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने और वितरण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और बच्चों को शिक्षा के लिए अनुकूल एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही प्रत्येक नामांकित बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक नेहा सिंह, सहायक अध्यापक प्रबल कुमार एवं शिक्षा मित्र अनीता पांडे उपस्थित रहीं।
