स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा दिवस के अवसर पर संगोष्ठी एवं ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नवीकरणीय ऊर्जा और उससे जुड़े समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विज्ञान संकाय के प्रभारी डॉ. आलोक कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा सुरक्षा एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। वैश्विक स्तर पर युद्ध एवं अशांति का प्रभाव विभिन्न देशों के ऊर्जा संसाधनों पर भी पड़ रहा है।
भौतिकी विभागाध्यक्ष शिशिर शुक्ला ने नवीकरणीय ऊर्जा को भविष्य के अस्तित्व का आधार बताते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने विद्यार्थियों से समसामयिक मुद्दों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. रमेश चंद्रा ने कहा कि ऊर्जा जीवन की आधारभूत आवश्यकता है और हमें अपने कार्यों एवं निर्णयों में ऊर्जा के महत्व को ध्यान में रखना चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों ने भी नवीकरणीय ऊर्जा एवं संबंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। अंशी राठौर और कृष्ण बिहारी बाजपेयी ने प्रशंसनीय प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत श्री हर्ष पाराशरी के निर्देशन में ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर श्री राजनंदन सिंह राजपूत, सत्येन्द्र कुमार सिंह, चंदन गोस्वामी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
