स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 27 अगस्त। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड की सूची अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो दूसरे स्थानों पर माइग्रेट कर चुके हैं अथवा जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उन्हें नियमानुसार चिन्हित कर सूची से हटाया जाए और शेष पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने में तेजी लाई जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रत्येक विकासखंड के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित लक्ष्य पूरा न करने वाले विकासखंड के संबंधित एमओआईसी की जवाबदेही तय करते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने 15 सितंबर को सभी सीएचओ की बैठक आयोजित कर उन्हें स्पष्ट लक्ष्य एवं कार्ययोजना उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराने को कहा।
जेएसवाई के लंबित भुगतान 31 अगस्त तक पूरे करने के निर्देश
जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लाभार्थियों के सभी भुगतान प्रत्येक माह की अंतिम तिथि तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। वर्तमान में लंबित भुगतानों को 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को समय से भुगतान उपलब्ध कराना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सीएम डैशबोर्ड के खराब संकेतकों में सुधार के आदेश
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सभी पैरामीटर पर गंभीरता से कार्य करने को कहा। जिन संकेतकों में प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, उनमें तत्काल सुधार कर निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मलेरिया के 182 और डेंगू के 4 मामले
बैठक में मलेरिया एवं डेंगू की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1 जनवरी से अब तक जनपद में मलेरिया के 182 मामले और डेंगू के 4 मामले सामने आए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिक मामले वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ऐसे क्षेत्रों में दो दिवस के भीतर साफ-सफाई, जलभराव समाप्त कराने तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, एंटी लार्वा छिड़काव और जन-जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक कुमार मिश्रा, डीडीओ सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला स्वास्थ्य समिति से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
