ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद में किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की बिक्री एवं स्टॉक व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि) राकेश चन्द्र पाण्डेय एवं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि रक्षा) अभय प्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने तहसील तुलसीपुर क्षेत्र के विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर, पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक, स्टॉक एवं रेट बोर्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तीन प्रतिष्ठानों से नमूने भी संग्रहित किए गए।
शुक्ला खाद बीज भंडार से लिया एसएसपी का नमूना
टीम ने मेसर्स शुक्ला खाद बीज भण्डार, पिपरहवा चौराहा, तुलसीपुर का निरीक्षण किया। यहां प्रोपराइटर योगेन्द्र कुमार शुक्ला मौजूद मिले। जांच में स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर पूर्ण पाया गया तथा भौतिक स्टॉक पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक के अनुरूप मिला।
प्रतिष्ठान से जुबिलेंट एग्री कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड कंपनी के सिंगल सुपर फास्फेट (रामबाण) का एक नमूना संग्रहित किया गया।
शमसुद्दीन फुटकर उर्वरक विक्रेता का भी निरीक्षण
इसके बाद मेसर्स शमसुद्दीन फुटकर उर्वरक विक्रेता, अहलाद डीह प्रेमनगर, तुलसीपुर का निरीक्षण किया गया। यहां स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर पूर्ण मिला तथा भौतिक सत्यापन में स्टॉक पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक के अनुरूप पाया गया।
प्रतिष्ठान से एनपीके (20:20:0:13), आरसीएफ कंपनी का एक नमूना संग्रहित किया गया।
कलहंस कृषि केंद्र पर यूरिया की 474 बोरी मिली
संयुक्त टीम ने मेसर्स कलहंस कृषि केन्द्र, पिपरहवा चौराहा, तुलसीपुर का भी निरीक्षण किया। यहां प्रोपराइटर विश्वास सिंह उपस्थित मिले।
जांच में प्रतिष्ठान पर यूरिया की 474 बोरी, एसएसपी (पाउडर) अंकुर ब्रांड की 350 बोरी तथा एसएसपी (पाउडर) आईपीएल की 99 बोरी स्टॉक में उपलब्ध पाई गईं।
स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर अद्यतन मिला तथा स्टॉक बोर्ड एवं रेट बोर्ड भी प्रदर्शित मिला। प्रतिष्ठान से सिंगल सुपर फास्फेट उर्वरक का एक नमूना संग्रहित किया गया।
जिले में पर्याप्त है उर्वरक का स्टॉक
निरीक्षण के दौरान टीम ने उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। निरीक्षित प्रतिष्ठानों पर उर्वरकों की कोई कमी नहीं पाई गई।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
कृषक भाइयों से अपील की गई कि अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें और अपनी फसल एवं संस्तुत मात्रा के अनुसार ही उर्वरक खरीदें। किसान खतौनी/फार्मर आईडी/आधार कार्ड के साथ निकटतम निजी उर्वरक विक्रेता अथवा साधन सहकारी समिति से आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही उर्वरकों की बिक्री एवं वितरण व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखी जा रही है।
