स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, ब्लड बैंक एवं रेड क्रॉस की संपत्ति के जनहित में उपयोग का मुद्दा राजभवन में उठेगा
शाहजहांपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा की वार्षिक बैठक 31 अगस्त, सोमवार को प्रातः 10 बजे लखनऊ स्थित राजभवन में महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में प्रस्तावित है। बैठक में रेड क्रॉस के प्रदेश सभापति एवं उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री माननीय श्री ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न जनपदों की रेड क्रॉस शाखाओं के पदाधिकारी एवं अधिकारी सहभागिता करेंगे।
प्रदेश मुख्यालय द्वारा जारी नामित सूची में जनपद शाहजहांपुर से डॉ. रवि मोहन, डॉ. विजय जौहरी एवं अनुज को राजभवन में आयोजित प्रस्तावित बैठक में प्रतिभाग करने के लिए नामित किया गया है। प्रदेश मुख्यालय द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि जारी सूची में नामित प्रतिनिधि ही बैठक में प्रतिभाग करेंगे तथा उनके स्थान पर किसी अन्य प्रतिनिधि की सहभागिता नहीं होगी।
बैठक में डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. विजय जौहरी शाहजहांपुर की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रदेश के उच्च स्तर पर रखेंगे। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, रक्तदान को बढ़ावा देने, जनपद में ब्लड बैंक की आवश्यकता तथा रेड क्रॉस की संपत्तियों के जनहित में उपयोग जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल हैं।
विशेष रूप से जली कोठी के सामने स्थित रेड क्रॉस की संपत्ति, जहां पूर्व में आयुर्वेदिक अस्पताल संचालित होता था, वहां ब्लड बैंक स्थापित किए जाने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक से आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया जाएगा।
सेवा परंपरा से जुड़े हैं डॉ. रवि मोहन
डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि डॉ. रवि मोहन के परिवार के सभी सदस्य इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के आजीवन सदस्य रहे हैं और लंबे समय से रेड क्रॉस की मानवसेवा की भावना से जुड़े हुए हैं। परिवार की यही सेवा परंपरा डॉ. रवि मोहन को पीड़ित मानवता की सहायता, स्वास्थ्य सेवा एवं जनहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करती रही है।
उन्होंने कहा कि डॉ. रवि मोहन जनपद में रेड क्रॉस के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य संस्था की गतिविधियों तक सीमित न रहकर जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य एवं मानवीय सहायता पहुंचाना और समाज में सेवा भावना को मजबूत करना है।
राजभवन में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश स्तर की नामित सूची के माध्यम से शाहजहांपुर को प्रतिनिधित्व मिलना जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सीधे प्रदेश के शीर्ष स्तर पर रखने का अवसर मिलेगा।
डॉ. विजय जौहरी
सचिव,
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी,
जनपद शाहजहांपुर
