डीएम की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक संपन्न

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने पूर्व में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं वहां कराई गई सुधारात्मक कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क की स्थिति सुधारने, संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

गत माह हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गंभीर दुर्घटनाओं का कारणवार ऑडिट कराने के निर्देश दिए। ओवरस्पीडिंग, मानवीय त्रुटि, सड़क की स्थिति अथवा अन्य कारणों की पहचान कर भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निरोधात्मक एवं सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।

हेलमेट-सीट बेल्ट को लेकर चलेगा विशेष अभियान

डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता और प्रवर्तन दोनों स्तरों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, ट्रिपलिंग से बचने और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीएम राहत कोष के अंतर्गत चिन्हित अस्पतालों एवं उपलब्ध सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बहादुरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क की स्थिति में आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांच के निर्देश

जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनपद में संचालित सभी स्कूली वाहनों की नियमित तकनीकी जांच, फिटनेस एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने सभी स्कूली वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन एवं ड्राइविंग लाइसेंस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।

स्कूली बच्चों के ई-रिक्शा से आवागमन पर रोक

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि स्कूली बच्चों के ई-रिक्शा से विद्यालय आने-जाने पर कड़ाई से रोक लगाई जाए। विद्यालयों के बाहर ई-रिक्शा आदि वाहनों को अनधिकृत रूप से खड़ा न होने दिया जाए। बच्चों के परिवहन में ई-रिक्शा का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्यालय प्रबंधकों एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को अभिभावकों को भी बच्चों के सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने तथा विद्यालय स्तर पर परिवहन व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना और स्कूली बच्चों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post