नवाबगंज में गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल, होम डिलीवरी के बजाय पिकअप से सिलेंडर लेने पहुंच रहे उपभोक्ता

 

ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️

नवाबगंज/उन्नाव। पारिवारिक विवाद के बाद भइया जी गैस सर्विस के उपभोक्ताओं को माँ कामाख्या देवी इंडेन गैस सर्विस में ट्रांसफर किए जाने के बाद गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि होम डिलीवरी के बजाय पिकअप वाहन खड़ा कर एक ही स्थान से सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। बताया गया कि नवाबगंज में श्याम लाल इंटर कॉलेज के पास पिकअप वाहन के आसपास बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है और कर्मचारी पर्चियां काटकर सिलेंडर उपलब्ध करा रहा है।

होम डिलीवरी नहीं, फिर भी शुल्क लेने का आरोप

उपभोक्ताओं का कहना है कि जब सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचाया जा रहा है और उन्हें स्वयं पिकअप वाहन तक जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है, तो होम डिलीवरी शुल्क लिए जाने का आरोप व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

गैस के साथ चायपत्ती लेने का भी आरोप

कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि सिलेंडर के साथ चायपत्ती लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि कथित तौर पर चायपत्ती को 1,000 रुपये में गैस के साथ लेने के लिए कहा जाता है।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह जांच का विषय होगा कि उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सामान खरीदने के लिए दबाव क्यों और किस आधार पर बनाया जा रहा था।

पिकअप से वितरण को लेकर भी उठे सवाल

उपभोक्ताओं ने एजेंसी की वितरण व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि निर्धारित कार्यालय एवं गोदाम की व्यवस्था के बजाय पिकअप वाहन से ही वितरण किया जा रहा है।

उपभोक्ता राजू, रामदुलारी, शिवम, सुशीला, उमाशंकर और दीपक समेत कई लोगों ने मामले की शिकायत इंडेन गैस के अधिकारियों से किए जाने की बात कही है।

अधिकारी बोले—मामले को दिखवा रहे हैं

मामले को लेकर इंडेन गैस के हेड मानवेंद्र भटनागर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले को दिखवाया जा रहा है।

अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि होम डिलीवरी के बजाय पिकअप से वितरण क्यों किया जा रहा है, डिलीवरी शुल्क के संबंध में क्या स्थिति है और चायपत्ती लेने के लिए दबाव बनाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल उपभोक्ताओं की शिकायत ने नवाबगंज की गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Previous Post Next Post