कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी ने विभिन्न कांवड़ प्वाइंटों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं से किया संवाद


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। कांवड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न कांवड़ प्वाइंटों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद भी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली, कांट, जलालाबाद एवं अल्हागंज क्षेत्रांतर्गत निर्धारित कांवड़ प्वाइंटों पर पहुंचकर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी चेक की। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनकी तैनाती, क्षेत्र की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन एवं यातायात व्यवस्था की जानकारी ली और सभी को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग, कांवड़ प्वाइंट एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

श्रद्धालुओं से की बातचीत

एसपी ने कांवड़ प्वाइंटों पर मौजूद कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सकुशल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए यातायात नियमों एवं निर्धारित कांवड़ मार्ग का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ एवं यातायात का निरंतर प्रबंधन किया जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ कांवड़ियों एवं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी सूचना या समस्या की स्थिति में तत्काल आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए लगातार सतर्क रहकर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Previous Post Next Post