स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बंडा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के साथ बैठक कर क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों से संवाद किया।
बैठक में सभी से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बारावफात पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए सभी से कानून एवं यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
बैठक में क्षेत्राधिकारी पुवायाँ, थाना प्रभारी बंडा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
पुलिस-प्रशासन ने सभी से मिल-जुलकर पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने तथा सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
