ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। इनर व्हील क्लब के तत्वावधान में स्थानीय तुलसी पार्क में नवग्रह वाटिका की स्थापना की गई। इस दौरान विभिन्न औषधीय एवं धार्मिक महत्व वाले पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में क्लब की प्रेसिडेंट संगीता मिश्रा सहित क्लब की अन्य सदस्यों ने सहभागिता की।
नवग्रह वाटिका में मदार, पलाश, कुशा, खैर, शमी, अपामार्ग, दूर्वा और गूलर के पौधे रोपे गए। क्लब की प्रेसिडेंट संगीता मिश्रा ने उपस्थित लोगों को इन पौधों के महत्व एवं उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में शशि गुलाटी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
वरिष्ठ नागरिकों को बांटे औषधीय पौधे
कार्यक्रम के दूसरे चरण में इनर व्हील क्लब बलरामपुर की ओर से वरिष्ठ नागरिकों, पतंजलि योग समिति एवं तुलसी पार्क संरक्षण समिति के सदस्यों को विभिन्न औषधीय पौधों का वितरण किया गया।
इस दौरान तुलसी, एलोवेरा, हल्दी, सदाबहार, जिमीकंद सहित अन्य पौधे वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को इन पौधों के औषधीय गुणों की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब के वरिष्ठ सदस्यों के साथ तुलसी पार्क संरक्षण समिति के सरदार प्रितपाल सिंह, अजय श्रीवास्तव, अजय मिश्रा, कृष्ण गुप्ता, श्रवण वाधवानी, अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष काशी माली सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इनर व्हील क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक
इसी क्रम में UPCEG एवं तराई एनवायरमेंट अवेयरनेस समिति के संयुक्त तत्वावधान में बलरामपुर सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुजेहनी स्थित कंपोजिट विद्यालय में किशोरियों एवं महिलाओं के बीच जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में 38 किशोरियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
संस्था की कार्यकर्ता प्रिया मिश्रा ने पारिवारिक हिंसा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
