ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं पतंजलि किसान सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय तुलसी पार्क में जड़ी-बूटी दिवस के रूप में आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिवस श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने घर-घर औषधि वाटिका स्थापित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद भारत स्वाभिमान न्यास के जिला संयोजक अजय कुमार मिश्रा ने आचार्य बालकृष्ण के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आचार्य द्वारा तैयार किया गया औषधीय पादपों का एनसाइक्लोपीडिया पूरे विश्व के लिए अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के क्षेत्र में आचार्य बालकृष्ण के योगदान की चर्चा करें तो पूरा दिन भी कम पड़ जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने आचार्य बालकृष्ण की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की।
औषधीय पौधों का किया गया रोपण एवं वितरण
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। तुलसी, नीम, गिलोय, आंवला, हल्दी, कचूर सहित विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण किया गया तथा लोगों को पौधे वितरित भी किए गए।
पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों में औषधि वाटिका स्थापित करें और आयुर्वेद को अपनाकर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन जीने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
कार्यक्रम में प्रितपाल सिंह, बाबू राजेंद्र सिंह, बाबू कृष्ण गुप्ता, शिव शंकर अग्रवाल, कासिम अली पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका बलरामपुर, अजय कुमार श्रीवास्तव पत्रकार, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पतंजलि योग समिति के कानूनी सलाहकार अनिल कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष नगर व्यापार मंडल कृष्ण गोपाल गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा मंगल प्रसाद वर्मा एवं डीएवी इंटर कॉलेज के राघवेंद्र यादव सहित पतंजलि, भारत स्वाभिमान एवं युवा भारत के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
