🚨 शाहजहांपुर में नकली व मिलावटी दूध के गोरखधंधे का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

खाद्य सुरक्षा विभाग और गढ़िया रंगीन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दूध बनाने में इस्तेमाल सामग्री बरामद

शाहजहांपुर, 28 अगस्त। नकली एवं मिलावटी दूध तैयार किए जाने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं थाना गढ़िया रंगीन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के घर से नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने में इस्तेमाल की जाने वाली विभिन्न सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने ग्राम कन्हानी नगला देहात माली, थाना गढ़िया रंगीन स्थित मुन्नालाल पुत्र रामभरोसे के घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम को रिफाइंड पामोलीन तेल के पांच पैकेट, रिफाइंड सोयाबीन तेल के पांच पैकेट, 13 खाली पैकेट, स्किम्ड मिल्क पाउडर सहित अन्य सामग्री मिली।

इसके अलावा मौके से 25 किलोग्राम के चार खाली बोरे, Whey Permiate Powder का 25 किलोग्राम का खाली बोरा, Laundry Detergent Liquid की 500 ग्राम की दो बोतलें, करीब एक किलोग्राम कास्टिक तथा करीब 600 एमएल अज्ञात रसायन भी बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री का प्रयोग नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने में किया जाना पाया गया। आरोपी मुन्नालाल (करीब 35 वर्ष) को उसके घर से दोपहर करीब 1 बजे गिरफ्तार किया गया।

मुकदमा दर्ज, न्यायालय में पेशी

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना गढ़िया रंगीन में मु0अ0सं0 99/26, धारा 223, 274, 275, 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-II विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मनोज कुमार एवं सौरभ सोनी सहित थाना गढ़िया रंगीन पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

शाहजहाँपुर पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Previous Post Next Post