स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रमाकांत उपाध्याय ने बुधवार को जनपद शाहजहाँपुर का सघन दौरा कर विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश के रख-रखाव, चारा-पानी एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
जहां अव्यवस्थाएं मिलीं, वहां राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं गौ-आधारित प्राकृतिक खेती के सफल मॉडल की उन्होंने सराहना की।
कांट और मदनापुर की गौशालाओं का किया निरीक्षण
शाहजहाँपुर पहुंचने के बाद राज्य मंत्री ने सबसे पहले कांट स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इसके बाद वे मदनापुर ब्लॉक के ग्राम चन्दोखा स्थित गौशाला पहुंचे।
चन्दोखा गौशाला में निरीक्षण के दौरान कुछ गौवंश कमजोर एवं कुपोषित स्थिति में पाए गए, जिस पर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से ही खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान को फोन कर सख्त निर्देश दिए कि गौवंश को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और पौष्टिक पशु आहार नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम ढका में गौ-आधारित प्राकृतिक खेती की सराहना
इसके बाद राज्य मंत्री ग्राम ढका पहुंचे, जहां उन्होंने समाजसेवी राजवीर सिंह द्वारा संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। यहां गौवंश की स्थिति बेहतर पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने राजवीर सिंह द्वारा की जा रही गौ-आधारित जैविक एवं प्राकृतिक खेती का भी निरीक्षण किया तथा खेती की तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की।
राज्य मंत्री ने कहा कि गौ-आधारित खेती मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खादों का प्रयोग कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।
कटरा, तिलहर और निगोही की गौशालाओं का भी जायजा
दौरे के अंतिम चरण में राज्य मंत्री ने कटरा, तिलहर एवं निगोही क्षेत्र की गौशालाओं का सिलसिलेवार औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बदलते मौसम को देखते हुए गौशालाओं में स्वच्छता, शीतल पेयजल और पर्याप्त छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शाहजहाँपुर की विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण करने के बाद राज्य मंत्री पीलीभीत के लिए रवाना हो गए।
अधिकारी एवं गौ सेवा कार्यकर्ता रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी एवं विभागीय टीम, संबंधित खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
इसके अलावा गौ सेवा से जुड़े दिलीप शर्मा, संतोष कुमार एवं सजीव सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
