🇮🇳 हर घर हर घाट तिरंगा रैली से गूंजा पहरुआ कलां, भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ आकाश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “हर घर हर घाट तिरंगा” अभियान के अंतर्गत विकासखंड मिर्जापुर के ग्राम पहरुआ कलां में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।

नमामि गंगे एवं ऋषि आश्रम जीवनधारा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली प्राथमिक विद्यालय पहरुआ कलां से शुरू होकर कछुआ तालाब, रामगंगा नदी तट और गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का पर्व है। उन्होंने सभी से घरों पर तिरंगा फहराने तथा पर्यावरण एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

🏆 विद्यार्थियों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता

इस अवसर पर जिला गंगा समिति, शाहजहांपुर की ओर से विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रशान्त, कौशल एवं राहुल विजेता रहे। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विशिष्ट अतिथि कनिष्ठ अभियंता अरविन्द कुमार राजपूत ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

लोक भारती महानगर संयोजक आलोक मिश्रा ने ग्रामीणों से तालाब, नदी एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने 80वें स्वतंत्रता दिवस एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, जलस्रोतों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

विद्यालय की अध्यापिकाओं सीमा अग्निहोत्री एवं सुधा के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने कविता, देशभक्ति गीत एवं नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सहयोग के लिए ग्राम विकास अधिकारी कीन्स राजपूत, कनिष्ठ अभियंता अरविन्द कुमार राजपूत एवं शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रेम शर्मा, महिपाल, धर्मेन्द्र, अधीर त्रिवेदी, रंजीत, आशुतोष, आदित्य रघुवंशी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

Previous Post Next Post