स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 09 अगस्त। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में महिला पुलिस कर्मियों एवं एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर महिला सुरक्षा कानूनों, विधिक अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, एम्बुलेंस सेवा 108 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं।
महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा किसी अन्य समस्या की स्थिति में बिना झिझक तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लेकर आवश्यक सहायता एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
