स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आयुर्वेद के महान आचार्य महर्षि चरक की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, शाहजहाँपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रेड क्रॉस सोसायटी कार्यालय परिसर में चरक जयंती समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय, नगर शाहजहाँपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि चरक के चित्र एवं चरक संहिता के पूजन-अर्चन से हुआ। मंत्रोच्चार एवं आयुर्वेदिक श्लोकों के साथ पूजन कर चिकित्सकों ने महर्षि चरक को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
आयुर्वेद की ज्ञान परंपरा को जनस्वास्थ्य से जोड़ने पर जोर
डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि चरक जयंती केवल पूजन और स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाने और उसे जनस्वास्थ्य से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सकों को मिलकर आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी मानव सेवा एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है, जबकि अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
चिकित्सकों ने ली सामूहिक शपथ
समारोह के दौरान उपस्थित आयुर्वेद चिकित्सकों ने जनमानस के स्वास्थ्य के प्रति अपने चिकित्सकीय दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने, आयुर्वेद की ज्ञान परंपरा एवं भारतीय चिकित्सा विरासत के संरक्षण-संवर्धन तथा समाज को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम डॉ. मुकेश पांडेय, गंगसरा पुवायां के सौजन्य से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. विजय मोहन गुप्ता, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. आर.पी. सक्सेना, डॉ. रवीश सक्सेना, डॉ. हितेश गुप्ता, डॉ. मुकेश पांडे, अग्रज जौहरी, संजय अग्रवाल (अंशुल फार्मा), बृजेश गुप्ता, अवनीश सक्सेना सहित सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में आयुर्वेद चिकित्सक उपस्थित रहे।
डॉ. विजय जौहरी
अध्यक्ष, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, शाहजहाँपुर
