कंभरिया कटेशर में पहुंची बिजली, रोशनी से जगमगाया गांव; ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर मनाई खुशी

 

ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी सीतापुर ✍️

सकरन/सीतापुर। विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत कंभरिया कटेशर में लंबे इंतजार के बाद बिजली आपूर्ति शुरू होने से गांव रोशनी से जगमगा उठा। करीब एक हजार आबादी वाले गांव में बिजली पहुंचने की खुशी ग्रामीणों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं रही।

बिजली आपूर्ति शुरू होते ही ग्रामीणों ने खुशी जताई और प्रधान प्रतिनिधि अनुपम जायसवाल को मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया। गांव के शिव मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां देर रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा।

धरातल पर विकास का प्रयास

प्रधान प्रतिनिधि अनुपम जायसवाल ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने ग्रामीणों से बिजली, पानी, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था। उनका प्रयास है कि ग्रामीणों से किए गए वादे केवल कागज और भाषण तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ धरातल पर दिखाई दे।

उन्होंने कहा, “कंभरिया कटेशर मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। गांव के विकास के लिए जो भी संभव होगा, उसे पूरा करने में कोई कसर नहीं रखूंगा।”

बिजली से बच्चों की पढ़ाई को मिलेगी नई रोशनी

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के अभाव में शाम होते ही गांव का जीवन प्रभावित हो जाता था। बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरेलू कामकाज तक में परेशानी होती थी। बिजली आने से अब बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी आसान होने की उम्मीद है।

शिव मंदिर में भजन-कीर्तन के साथ मनाया जश्न

बिजली आने की खुशी में शिव मंदिर को सजाया गया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और गांव की खुशहाली की कामना की। देर रात तक मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन चलता रहा।

ग्रामीणों ने बिजली पहुंचने को गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि अब सड़क, पानी, रोजगार सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर घनश्याम राजपूत, कौशल राजपूत, संतोष राजपूत, धनीराम गौतम, विनोद राजपूत, किशोरी राजपूत, मनोज राजपूत, राकेश राजपूत, राजेंद्र पाल, मांगू पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Previous Post Next Post