जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
रक्षाबंधन पर ड्यूटी के दौरान चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी को पीछा कर दबोचा
लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व के दौरान मड़ियांव ढाल पर ड्यूटी में तैनात यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी को साहसपूर्वक पीछा कर पकड़ लिया।
बताया गया कि आरोपी ने बचने के प्रयास में आरक्षी नवीन चौधरी पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में उनकी नाक पर चोट लगी और रक्तस्राव होने लगा। इसके बावजूद आरक्षी ने हिम्मत नहीं छोड़ी और आरोपी को पकड़कर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घायल आरक्षी नवीन चौधरी का हिम सिटी हॉस्पिटल में उपचार कराया गया, जहां उनकी नाक पर दो टांके लगाए गए। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
आरक्षी के इस अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता और बहादुरी की पुलिस विभाग में सराहना हो रही है। पुलिस आयुक्त की ओर से उन्हें ₹10,000 का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की गई है। साथ ही कमेंडेशन डिस्क के लिए उनका नाम प्रस्तावित किया गया है।
रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पण दिखाते हुए आरक्षी नवीन चौधरी ने जिस साहस का परिचय दिया, वह पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है।
